KBC 18: सोनी टीवी का लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने 18वें सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर हॉट सीट पर कंटेस्टेंट्स का स्वागत करते नजर आएंगे। शो की शूटिंग 1 अगस्त 2026 से मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में बने नए सेट पर शुरू होगी।
नई थीम- ‘इस बार… सोचना पड़ेगा’
इस बार शो की थीम “इस बार… सोचना पड़ेगा” रखी गई है। मेकर्स का कहना है कि नए सीजन में केवल तेज जवाब देना ही काफी नहीं होगा, बल्कि सही समय पर सही फैसला लेना भी उतना ही अहम होगा। यानी कंटेस्टेंट्स को जल्दबाजी की बजाय रणनीति और धैर्य के साथ खेलना होगा।
प्रोमो में दिखा नया अंदाज
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन द्वारा जारी प्रोमो में अमिताभ बच्चन गोल्फ कोर्स में नजर आते हैं। वह कहते हैं कि बचपन में हमें सिखाया गया कि जो पहले जवाब दे, वही सही होता है, लेकिन जिंदगी में हर बार पहला जवाब सही नहीं होता। इसलिए इस बार जवाब देने से पहले ठहरकर सोचना जरूरी होगा।
ज्ञान के साथ रणनीति भी होगी अहम
मेकर्स के अनुसार, इस सीजन में सवालों का जवाब देने से पहले सोचने और स्थिति को समझने की क्षमता गेम का अहम हिस्सा होगी। कंटेस्टेंट्स की तार्किक सोच, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता उनकी जीत-हार तय करेगी।
कब और कहां देखें KBC 18?
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रीमियर 10 अगस्त 2026 से होगा। यह शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित किया जाएगा। वहीं ओटीटी दर्शक इसे Sony LIV पर भी देख सकेंगे।
