- विज्ञापन -
Home Entertainment Bollywood एक सुपरस्टार की अधूरी कहानी, कभी बॉलीवुड के चमकते सितारे थे ‘कर्ज’...

एक सुपरस्टार की अधूरी कहानी, कभी बॉलीवुड के चमकते सितारे थे ‘कर्ज’ के अभिनेता राज किरण, आज 32 साल से हैं लापता

Bollywood News: एक समय बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता रहे राज किरण आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे रहस्यमयी गुमशुदगी में गिने जाते हैं। ‘कर्ज’, ‘अर्थ’ और कई सफल फिल्मों में दमदार अभिनय करने वाले राज किरण पिछले करीब 32 साल से लापता हैं। उनके बारे में आज तक कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई कि वे कहां हैं और किस हाल में हैं।

नहीं मिला कोई सुराग

- विज्ञापन -

राज किरण के परिवार ने उन्हें तलाशने के लिए काफी प्रयास किए। उनकी बेटी रिशिका के मुताबिक परिवार ने प्राइवेट डिटेक्टिव की मदद ली, न्यूयॉर्क पुलिस से भी संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। बताया जाता है कि राज किरण बिना किसी को बताए अचानक गायब हो गए थे।

परिवार ने यह भी स्वीकार किया कि अभिनेता मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे थे। हालांकि, उनके बारे में समय-समय पर सामने आई कई खबरों की परिवार ने पुष्टि नहीं की।

पत्नी और बेटियां जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं

राज किरण की दो बेटियां हैं, रिशिका महतानी और मन्नत महतानी। बड़ी बेटी रिशिका एक सफल जूलरी डिजाइनर और ब्लॉगर हैं। उन्होंने जूलरी डिजाइनर रवि शाह से शादी की है और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं। हाल ही में वह मां भी बनी हैं।

वहीं छोटी बेटी मन्नत की भी शादी हो चुकी है और वह अपनी निजी जिंदगी में खुश हैं। लंबे इंतजार के बाद राज किरण की पत्नी रूपा महतानी ने भी दूसरी शादी कर ली और अब अपनी नई जिंदगी जी रही हैं।

महेश भट्ट ने किया था बड़ा दावा

साल 2011 में फिल्ममेकर महेश भट्ट ने दावा किया था कि उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में राज किरण को देखा था, जहां उनका मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। महेश भट्ट ने बताया था कि उस समय अभिनेता काफी शांत, उदास और कमजोर नजर आ रहे थे।

हालांकि, बाद में राज किरण की बेटी ने कई मीडिया रिपोर्ट्स पर सवाल उठाए और कहा कि परिवार के पास ऐसी किसी जानकारी की पुष्टि नहीं थी। इसलिए आज भी अभिनेता की गुमशुदगी रहस्य बनी हुई है।

70 और 80 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता थे 

राज किरण ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1975 में की थी। ‘कर्ज’ में उनके अभिनय को खूब पसंद किया गया और उन्होंने दो दशकों तक कई यादगार फिल्मों में काम किया। लेकिन 1990 के दशक में फिल्मों के ऑफर कम होने लगे और धीरे-धीरे वह इंडस्ट्री से दूर हो गए। इसके बाद उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी सच्चाई आज तक सामने नहीं आ सकी।आज भी उनके प्रशंसक यही उम्मीद करते हैं कि किसी दिन राज किरण के बारे में कोई ठोस और सकारात्मक जानकारी जरूर सामने आएगी।

- विज्ञापन -
Exit mobile version