Entertainment News: हर वीकेंड OTT पर नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं। इनमें एक्शन, थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर कंटेंट की भरमार रहती है। लेकिन अगर इस बार आपका मन कुछ शांत, भावनात्मक और सोचने पर मजबूर कर देने वाली कहानी देखने का है, तो तमिल फिल्म ‘कदइसी विवसयी’ (Kadaisi Vivasayi) आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। यह फिल्म अपनी सादगी और दमदार कहानी की वजह से दर्शकों और फिल्म समीक्षकों दोनों की पसंद बन चुकी है।
क्यों खास है ‘कदइसी विवसयी’?
निर्देशक एम. मणिकंदन की यह फिल्म एक छोटे से गांव की कहानी है, जहां सूखे और बदलते समय के कारण लगभग सभी लोगों ने खेती छोड़ दी है। पूरे गांव में केवल 80 वर्षीय मायंदी ही ऐसे किसान हैं, जो आज भी अपनी जमीन और खेती से जुड़े हुए हैं।
गांव के मंदिर में एक धार्मिक अनुष्ठान के लिए स्थानीय धान की जरूरत पड़ती है और पूरी उम्मीद मायंदी पर आ टिकती है। लेकिन इसी दौरान वह एक कानूनी मामले में फंस जाते हैं। यहीं से फिल्म एक किसान की कहानी से आगे बढ़कर समाज, व्यवस्था और इंसानियत पर गहरा सवाल खड़ा करती है।
असल किसान ने निभाया है मुख्य किरदार
इस फिल्म की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें मुख्य भूमिका निभाने वाले नल्लांदी कोई प्रोफेशनल अभिनेता नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन के किसान थे। उनकी सहज एक्टिंग फिल्म को और भी वास्तविक बनाती है। यही वजह है कि दर्शक फिल्म के हर दृश्य से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
नेशनल अवॉर्ड और शानदार IMDb रेटिंग
‘कदइसी विवसयी’ को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। फिल्म को IMDb पर 8.7 की बेहतरीन रेटिंग मिली है। इसके अलावा इसे 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट तमिल फीचर फिल्म का सम्मान भी मिला। इसकी कहानी, निर्देशन और भावनात्मक प्रस्तुति इसे खास बनाती है।
कहां देख सकते हैं फिल्म?
अगर आप इस वीकेंड कुछ अलग और यादगार देखना चाहते हैं, तो SonyLIV पर ‘कदइसी विवसयी’ स्ट्रीम कर सकते हैं। फिलहाल यह फिल्म हिंदी डब में उपलब्ध नहीं है, लेकिन हिंदी सबटाइटल्स के साथ आसानी से देखी जा सकती है। अगर आपको कंटेंट-ड्रिवन और दिल को छू लेने वाली फिल्में पसंद हैं, तो यह फिल्म आपको अंत तक बांधे रखेगी और खत्म होने के बाद भी इसकी कहानी आपके साथ बनी रहेगी।
