- विज्ञापन -
Home Entertainment Bollywood फिल्म सेट पर आखिर हुई क्या बड़ी चूक? राजेश शर्मा की हालत...

फिल्म सेट पर आखिर हुई क्या बड़ी चूक? राजेश शर्मा की हालत गंभीर, AICWA का दो टूक- जान से बढ़कर नहीं कोई फिल्म

Bollywood News: प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चिंता में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

AICWA ने उठाए कई अहम सवाल

- विज्ञापन -

घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि अगर शूटिंग के दौरान किसी कलाकार की तबीयत अचानक बिगड़ती है, तो सबसे पहले मौके पर बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।

AICWA ने सवाल उठाया कि जब हैदराबाद में कई बड़े अस्पताल मौजूद हैं, तो राजेश शर्मा को तुरंत वहीं भर्ती क्यों नहीं कराया गया। साथ ही यह भी पूछा गया कि क्या फिल्म सेट पर एम्बुलेंस, डॉक्टर और इमरजेंसी मेडिकल टीम की पर्याप्त व्यवस्था थी या नहीं।

फिल्म सेट की सुरक्षा पर फिर छिड़ी बहस

इस घटना के बाद फिल्म सेट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। एसोसिएशन का कहना है कि सिर्फ कलाकार ही नहीं, बल्कि तकनीशियन और दिहाड़ी मजदूर भी सुरक्षित माहौल में काम करने के हकदार हैं।

AICWA के अनुसार कई बार कर्मचारी काम छूटने के डर से सुरक्षा संबंधी कमियों की शिकायत नहीं कर पाते, जिससे लापरवाही लंबे समय तक छिपी रह जाती है। ऐसे मामलों में प्रोडक्शन हाउस की जिम्मेदारी तय होना बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री से जांच और कार्रवाई की मांग

एसोसिएशन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा AICWA ने यह भी कहा कि राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च फिल्म के प्रोडक्शन हाउस को उठाना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी फिल्म का बजट या शूटिंग शेड्यूल किसी कलाकार की जान से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता।

अक्षय कुमार ने जताई चिंता

राजेश शर्मा की खराब तबीयत की खबर सामने आने के बाद बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा कि दोस्त की तबीयत खराब होने की खबर सुनकर वह बेहद चिंतित हैं और भगवान महादेव से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

फिलहाल पूरी फिल्म इंडस्ट्री और राजेश शर्मा के प्रशंसक उनकी सेहत में जल्द सुधार की दुआ कर रहे हैं। वहीं, इस घटना ने फिल्म सेट्स पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर चर्चा भी शुरू कर दी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version