Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने अपने Aura India Tour 2026 की शुरुआत दिल्ली से की। 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए पहले कॉन्सर्ट में उन्होंने अपने हिट गानों से दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि, म्यूजिक के साथ-साथ उनका एक बयान भी चर्चा में आ गया। दिलजीत ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का नाम लिए बिना कहा कि पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ। इसके बाद CJP के अभिजीत दिपके ने भी सिंगर के नाम एक ओपन लेटर लिखा।
दिलजीत दोसांझ ने क्या कहा?
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा, “मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं चुप हूं, तो मुझे चुप रहने दो। मैं आप सभी का सपोर्ट करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।”
उन्होंने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ का भी जिक्र किया, जो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर आधारित है। दिलजीत ने कहा कि इस फिल्म के लिए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया है।
अभिजीत दिपके ने लिखा ओपन लेटर
दिलजीत के बयान के बाद CJP के अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर उनके लिए एक खुला पत्र लिखा। उन्होंने बताया कि जून में छात्र प्रदर्शन के दौरान दिलजीत के ‘मैं एक आर्टिस्ट हूं’ वाले बयान से उन्हें दुख पहुंचा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह हमेशा से सिंगर के प्रशंसक रहे हैं और उनके प्रति सम्मान आज भी बरकरार है।
दिपके ने दिलजीत की हिम्मत, असलियत और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “पाजी, छोटा भाई समझकर मिट्टी पाओ।” इस संदेश के जरिए उन्होंने पुराने मतभेद को पीछे छोड़ने की अपील की।
क्या है दिलजीत और CJP के बीच विवाद?
यह विवाद जून में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़ा है। NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर दिलजीत से प्रतिक्रिया मांगी गई थी। उस समय उन्होंने खुद को राजनीति से दूर बताते हुए कहा था कि वह एक आर्टिस्ट हैं। उनके इस बयान पर अभिजीत दिपके सहित कुछ लोगों ने नाराजगी जताई थी।
बाद में दिलजीत ने छात्रों की मांगें सुनने की अपील भी की थी। अब दिल्ली कॉन्सर्ट में दिए गए उनके बयान और अभिजीत दिपके के खुले पत्र ने इस पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।
