- विज्ञापन -
Home Entertainment Entertainment news:’यह चुनाव नहीं, गेम है’, शहजाद पूनावाला पर बरसीं स्वरा भास्कर,...

Entertainment news:’यह चुनाव नहीं, गेम है’, शहजाद पूनावाला पर बरसीं स्वरा भास्कर, शो में हुई तीखी बहस

Entertainment news:रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में इन दिनों स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच तीखी बहस चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर पहले से ही एक-दूसरे पर निशाना साध रहे दोनों अब शो के अंदर भी आमने-सामने आ गए हैं। शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने जब शहजाद से स्वरा से बातचीत न करने की वजह पूछी, तो दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई।

वीरेंद्र सहवाग ने शहजाद से पूछा सवाल

- विज्ञापन -

शो के दौरान वीरेंद्र सहवाग ने शहजाद पूनावाला से पूछा कि सोशल मीडिया पर वह स्वरा भास्कर के खिलाफ लगातार बयान देते रहे हैं, लेकिन शो में उनके सामने आने के बाद उनसे बातचीत क्यों नहीं कर रहे हैं। सहवाग ने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्या उनकी आवाज बैठ गई है?

इस पर शहजाद ने जवाब दिया कि उनकी आवाज दबाने वाला अभी तक कोई पैदा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह नकारात्मकता के साथ बैठना पसंद नहीं करते। साथ ही उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अगर कोई उनसे सवाल करेगा, तो वह शब्दों से जवाब देंगे।

स्वरा ने इग्नोर करने के दावे पर उठाए सवाल

शहजाद ने कहा कि वह स्वरा को केवल इग्नोर कर रहे हैं। इस पर अभिनेत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि इग्नोर करने का मतलब किसी को तवज्जो नहीं देना होता है। उन्होंने दावा किया कि शो की घोषणा के बाद से शहजाद उनके बारे में 36 ट्वीट और तीन-चार वीडियो बना चुके हैं।

स्वरा ने यह भी कहा कि शहजाद की टीम उनके खिलाफ वोट मांग रही है। ऐसे में इसे इग्नोर करना नहीं कहा जा सकता। उन्होंने साफ किया कि वह शहजाद को कोई भाव नहीं दे रही हैं।

राजनीतिक करियर को लेकर स्वरा का तंज

बहस उस समय और बढ़ गई, जब शहजाद पूनावाला ने कहा कि जो भी देश के खिलाफ बोलेगा, वह हमेशा उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। इस पर स्वरा ने जवाब दिया कि यह चुनाव नहीं, बल्कि एक गेम शो है। उन्होंने शहजाद के राजनीतिक करियर पर तंज कसते हुए कहा कि इस शो से उनका डूबता हुआ राजनीतिक करियर उज्ज्वल नहीं होने वाला है।

इसके जवाब में शहजाद ने कहा कि स्वरा को उनके करियर की चिंता करने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय वह अपने पति को जिताने पर ध्यान दें।

वजन को लेकर ट्रोलिंग पर भी बोलीं स्वरा

शो में स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर अपने वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म के बाद से उन्हें लगातार ऑनलाइन निशाना बनाया जा रहा है। कई यूजर्स ने उन्हें मोटा कहकर अपमानित किया।स्वरा ने बताया कि वह इस तरह की टिप्पणियों से परेशान होने के बजाय अब उन्हें स्वीकार कर रही हैं। इसी संदेश को देने के लिए वह शो में ‘मोटी’ लिखी साड़ी और ब्लाउज पहनकर पहुंचीं।

गौरतलब है कि स्वरा और फहाद अहमद की बेटी राबिया का जन्म 23 सितंबर 2023 को हुआ था। अभिनेत्री ‘तनु वेड्स मनु’, ‘रांझणा’ और ‘अनारकली ऑफ आरा’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। शो में दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version