- विज्ञापन -
Home Entertainment Bollywood News: जानिए कौन थे जसवंत सिंह खालरा जिनकी कहानी पर बनी...

Bollywood News: जानिए कौन थे जसवंत सिंह खालरा जिनकी कहानी पर बनी है फिल्म को सालों बाद मिला ग्रीन सिग्नल

Punjab 95 Movie: करीब तीन वर्षों तक सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार करने के बाद आखिरकार दिलजीत दोसांझ की चर्चित फिल्म ‘Punjab 95’ दर्शकों तक पहुंच गई है। हालांकि फिल्म अपने मूल नाम से नहीं, बल्कि ‘सतलज’ शीर्षक के साथ OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज की गई है। फिल्म रिलीज होते ही एक बार फिर चर्चा में आ गई है, क्योंकि इसे पहले कथित तौर पर 127 कट लगाने के सुझाव के चलते रिलीज नहीं किया जा सका था। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म बिना किसी कट के नए नाम से दर्शकों के सामने आई है।

कौन थे जसवंत सिंह खालरा?

- विज्ञापन -

फिल्म की कहानी मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन से प्रेरित है। वह अमृतसर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत थे, लेकिन समाज में कथित मानवाधिकार उल्लंघन और फर्जी एनकाउंटर के मामलों को उजागर करने के लिए देशभर में पहचाने गए।

बताया जाता है कि एक परिचित के अचानक लापता होने के बाद उन्होंने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान उन्हें ऐसे रिकॉर्ड मिले, जिनसे कथित तौर पर यह संकेत मिला कि कई अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार बिना पहचान स्थापित किए कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे को सार्वजनिक मंचों पर उठाया और कई दस्तावेज सामने रखे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अचानक हो गए थे लापता

साल 1995 में जसवंत सिंह खालरा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया था कि पंजाब के कई श्मशान घाटों में बड़ी संख्या में अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया गया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

कुछ ही समय बाद वह अचानक लापता हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए थे। उनके गायब होने के बाद यह मामला राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया तथा कई मानवाधिकार संगठनों ने इसकी स्वतंत्र जांच की मांग की।

CBI जांच और अदालत का फैसला

बाद में इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई। जांच और गवाहों के आधार पर एजेंसी ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के बाद अदालत ने इस मामले में कई पुलिस अधिकारियों को दोषी ठहराया। कुछ अधिकारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई, जबकि अन्य को अलग-अलग अवधि की जेल की सजा मिली। इस फैसले ने मानवाधिकार से जुड़े मामलों पर देशभर में नई बहस को जन्म दिया।

‘Punjab 95’ से ‘सतलज’ बनने तक का सफर

फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहन ने किया है। शुरुआत में इसका नाम ‘Punjab 95’ रखा गया था, लेकिन रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म में 127 बदलाव और कट लगाने का सुझाव दिया था। इन्हीं कारणों से फिल्म लंबे समय तक सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी।

इस दौरान फिल्म का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में किया गया, जहां इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। अब फिल्म ‘सतलज’ नाम से OTT पर रिलीज हुई है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्याण भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

 

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version