Telangana Crime: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक 30 वर्षीय यूट्यूबर की दिनदहाड़े हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेख महबूब उर्फ चांदी मसूद के रूप में हुई है, जो यूट्यूब कंटेंट बनाने के साथ-साथ इलेक्ट्रीशियन का काम भी करता था। पुलिस के अनुसार, यह घटना गोलकोंडा थाना क्षेत्र के कुमारवाड़ी इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे हुई।
पीछा किए जाने का हुआ अहसास
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जुमे की नमाज अदा करने के बाद मसूद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे कुछ लोगों के पीछा करने का शक हुआ। खुद को सुरक्षित रखने के लिए वह तेजी से अपने घर के अंदर चला गया, लेकिन हमलावर भी उसके पीछे-पीछे पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश किया और मसूद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उस पर कई बार चाकू से वार किए गए। इसके अलावा लोहे की रॉड और जिम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से भी हमला किया गया।
साले पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
पुलिस ने बताया कि मामले में मुख्य संदिग्ध शेख सोहेल है, जो मृतक की पत्नी का भाई बताया जा रहा है। उसके साथ अफू और जाबिर नाम के दो अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। हमले में मसूद के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
प्रेम विवाह के बाद बढ़ा था पारिवारिक विवाद
जांच में यह भी सामने आया है कि मसूद ने करीब डेढ़ साल पहले परिवार के कुछ सदस्यों की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दंपति को एक बच्चा भी हुआ, लेकिन ससुराल पक्ष और मसूद के बीच रिश्तों में तनाव बना रहा।
पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद और पुराने मतभेद ही इस हत्या की वजह हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एडिशनल डीसीपी कृष्णा गौड़ ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस गवाहों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
