Entertainment News: रियलिटी टीवी शो ‘भोजपुरी बवाल’ की शुरुआत से ही काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच की तकरार चर्चा में बनी हुई है। काजल राघवानी कई बार आरोप लगा चुकी हैं कि आम्रपाली दुबे ने जानबूझकर उन्हें दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की फिल्मों से बाहर करवाया। वहीं, आम्रपाली इन आरोपों को गलत बताते हुए काजल पर बेवजह सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाती रही हैं।
अब शो के एक ताजा प्रोमो में काजल राघवानी खुद अपने ही आरोपों को लेकर घिरती नजर आईं। दरअसल, पत्रकार शुभांकर ने उनसे ऐसा सवाल किया, जिसके बाद मामला अचानक उनके लिए मुश्किल हो गया।
काजल से पूछा- क्या हीरोइन भी किसी हीरो को बाहर करवा सकती है?
शो के दौरान पत्रकार शुभांकर ने काजल से पूछा कि क्या सिर्फ हीरो ही किसी हीरोइन को फिल्मों से बाहर करवाते हैं या फिर हीरोइन भी अपनी पावर का इस्तेमाल करके किसी हीरो को फिल्म से निकलवा सकती है? इस पर काजल ने कहा, “हम किसको निकाले हैं?”
इसके बाद शुभांकर ने कहा कि वह उसी एक्टर को सामने बुला लेते हैं। काजल ने भी उन्हें बुलाने की बात कही। तभी सामने के दरवाजे से भोजपुरी अभिनेता कुणाल तिवारी की एंट्री हुई। कुणाल को सामने देखते ही काजल राघवानी कुछ पल के लिए चुप होती नजर आईं।
कुणाल तिवारी ने काजल पर लगाया गंभीर आरोप
इसके बाद शुभांकर ने कुणाल से सवाल किया कि क्या काजल राघवानी ने अपनी स्टार पावर का इस्तेमाल करके उन्हें उस फिल्म से बाहर करवा दिया था, जो उन्हें मेरिट के आधार पर मिली थी।
इस पर कुणाल ने काजल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे कहा गया था कि वह बहुत पतले लग रहे हैं, जबकि काजल पहले से ज्यादा मोटी हो गई थीं। कुणाल के बयान के बाद शो का माहौल और भी गरमा गया।
आम्रपाली दुबे ने भी काजल को घेरा
कुणाल ने काजल से कहा कि अगर कोई व्यक्ति मोटा है तो इसमें उसकी क्या गलती है। इसके बाद आम्रपाली दुबे ने भी काजल से सवाल किया कि किसी के पतला होने की वजह से उसे बॉडी शेम करके फिल्म से बाहर करना क्या सही है?
आम्रपाली ने आरोप लगाया कि काजल के हाथ में पावर थी और उन्होंने कथित तौर पर उसका गलत इस्तेमाल किया। इस दौरान काजल राघवानी आम्रपाली और दूसरे सितारों के सवालों पर काफी हद तक चुप नजर आईं।
टेबल पर मौजूद थे निरहुआ
‘भोजपुरी बवाल’ के इस प्रोमो में खास बात यह भी रही कि जब काजल राघवानी से उनके पुराने आरोपों को लेकर सवाल-जवाब हो रहे थे, उस दौरान भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी टेबल पर मौजूद थे। ऐसे में शो का यह पूरा सेगमेंट और भी चर्चा में आ गया है।
हालांकि, प्रोमो में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और पूरे मामले की सच्चाई शो के आगामी एपिसोड में सामने आने की उम्मीद है।
