Kuku Kohli Death: बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार शाम अंतिम सांस ली। कुकू कोहली ने ‘फूल और कांटे’, ‘सुहाग’, ‘हकीकत’ और ‘कोहराम’ जैसी फिल्मों के जरिए हिंदी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई थी।उनके निधन की खबर की पुष्टि फिल्ममेकर अशोक पंडित ने की है। कुकू कोहली के अचानक निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है।
हार्ट अटैक के बाद अस्पताल ले जाया गया
अशोक पंडित ने एक मीडिया बातचीत में कुकू कोहली के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि निर्देशक को मंगलवार शाम हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।अशोक पंडित के मुताबिक, कुकू कोहली सुबह तक बिल्कुल ठीक थे। ऐसे में शाम को अचानक उनके निधन की खबर बेहद चौंकाने वाली और दुखद है।
बुधवार को हुआ अंतिम संस्कार
संजय ईरानी ने बताया कि परिवार कुकू कोहली की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली गई है।कुकू कोहली का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे ओशिवरा श्मशान भूमि में किया जाएगा।
अजय देवगन को पहली फिल्म से दिलाई पहचान
कुकू कोहली का हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लंबा और शानदार करियर रहा। उनका वास्तविक नाम अवतार कोहली था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर सेकंड यूनिट डायरेक्टर की थी।
उन्होंने फिल्म ‘बेताब’ से सेकंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया था। इस फिल्म में सनी देओल और अमृता सिंह मुख्य भूमिका में थे।
इसके बाद साल 1991 में उन्होंने बतौर स्वतंत्र निर्देशक ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की। इस फिल्म में अजय देवगन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म की सफलता ने अजय देवगन को रातों-रात बॉलीवुड में पहचान दिलाई और वह आगे चलकर इंडस्ट्री के बड़े सितारों में शामिल हो गए।
