Hair Care: गर्मियों का मौसम बालों की देखभाल के लिए खास माना जाता है। इस दौरान धूप, पसीना और धूल की वजह से बाल रूखे और कमजोर हो जाते हैं। ऐसे में मेहंदी एक प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्प है, जो बालों को ठंडक देने के साथ-साथ मजबूती और चमक भी प्रदान करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मेहंदी के पेस्ट में कुछ खास प्राकृतिक चीजें मिला दी जाएं, तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं।
क्यों फायदेमंद है गर्मियों में मेहंदी लगाना?
मेहंदी की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह स्कैल्प को ठंडक देती है और डैंड्रफ जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करती है। नियमित अंतराल पर मेहंदी लगाने से बालों की जड़ों को पोषण मिलता है, जिससे बाल मजबूत होते हैं और उनकी प्राकृतिक चमक भी बढ़ती है। गर्मियों में इसका इस्तेमाल बालों के लिए एक प्राकृतिक कंडीशनर की तरह काम करता है।
ऐसे बनाएं पोषक तत्वों से भरपूर मेहंदी का पेस्ट
मेहंदी का पेस्ट बनाने के लिए सबसे पहले बाजार से शुद्ध और केमिकल-फ्री मेहंदी पाउडर लें। इसके बाद 3-4 गुड़हल के फूलों को गर्म पानी में करीब 10 मिनट तक भिगोकर रखें और हाथों से मसलकर उनका जेल तैयार कर लें।
अब चुकंदर को पीसकर उसका पेस्ट बना लें और थोड़ी चायपत्ती को उबालकर उसका पानी तैयार करें। इन तीनों चीजों को मेहंदी पाउडर में मिलाकर अच्छी तरह से पेस्ट तैयार करें। ध्यान रखें कि इसमें सादा पानी न मिलाएं। इस मिश्रण को लोहे की कढ़ाही में रातभर के लिए ढककर रखें और सुबह इसे बालों में लगाएं।
बालों की ग्रोथ और शाइन में करता है मददगार
गुड़हल बालों की जड़ों को मजबूत करने में मदद करता है, जबकि चुकंदर प्राकृतिक रंगत बढ़ाने का काम करता है। वहीं चायपत्ती का पानी बालों को गहरा और चमकदार बनाने में सहायक माना जाता है। इन सभी चीजों के साथ तैयार किया गया मेहंदी पेस्ट बालों की ग्रोथ को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।
