Original Content Rewards: एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अपने Creator Revenue Sharing Program को बंद करने का ऐलान किया है। प्लेटफॉर्म के मुताबिक, इस प्रोग्राम का अंतिम भुगतान मौजूदा पात्र क्रिएटर्स को सितंबर 2026 में किया जाएगा। वहीं, नए यूजर्स के लिए इस प्रोग्राम में साइनअप भी बंद कर दिए गए हैं।
इस प्रोग्राम के तहत पात्र क्रिएटर्स को प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले एंगेजमेंट और इंप्रेशन के आधार पर कमाई का मौका मिलता था। हालांकि, X अब इसी मॉडल को खत्म कर एक नए Original Content Rewards Program की शुरुआत कर रहा है।
पुराना प्रोग्राम क्यों किया गया बंद?
X के अनुसार, पुराने सिस्टम में इंसेंटिव का ढांचा सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। कंपनी का दावा है कि कई क्रिएटर्स नया और मौलिक कंटेंट तैयार करने के बजाय दूसरे यूजर्स की पोस्ट या कंटेंट को दोबारा इस्तेमाल करके भुगतान हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
इसी समस्या को दूर करने के लिए X ने ऐसा नया सिस्टम तैयार किया है, जिसमें ओरिजिनल कंटेंट और क्रिएटिविटी को प्राथमिकता दी जाएगी।
अब ओरिजिनल कंटेंट पर मिलेगा पैसा
नए प्रोग्राम में थ्रेड, वीडियो, मीम्स, ओरिजिनल रिपोर्टिंग, एनालिसिस, कमेंट्री, फोटो, ग्राफिक्स और अन्य रचनात्मक सामग्री शामिल हो सकती है। ऐसे कंटेंट को प्राथमिकता दी जाएगी जिसमें क्रिएटर की अपनी आवाज, सोच, विशेषज्ञता या रचनात्मकता दिखाई दे।
X के मुताबिक, मौजूदा कंटेंट को नए संदर्भ, विश्लेषण, ह्यूमर या क्रिएटिव एडिटिंग के जरिए सार्थक रूप से बदलने पर भी वह नए प्रोग्राम के तहत योग्य हो सकता है।
कौन कर सकता है नए प्रोग्राम के लिए आवेदन?
नए Original Content Rewards Program के लिए कुछ प्रमुख पात्रता शर्तें रखी गई हैं। आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और वह ऐसे देश में रहना चाहिए जहां यह प्रोग्राम उपलब्ध है।
इसके अलावा उसके पास पर्सनल या बिजनेस X अकाउंट, सक्रिय Premium सदस्यता और कम से कम 500 वेरिफाइड फॉलोअर्स होने चाहिए। पिछले 90 दिनों में वेरिफाइड यूजर्स से कम से कम 5 लाख होम टाइमलाइन इंप्रेशन भी जरूरी हैं।
क्रिएटर्स को कब मिलेगा भुगतान?
X के मुताबिक नए प्रोग्राम में पात्र क्रिएटर्स को हर दो सप्ताह में भुगतान किया जाएगा, बशर्ते वे कार्यक्रम की सभी शर्तों को पूरा करते रहें। आवेदन Creator Studio के जरिए किया जा सकता है।
इस बदलाव के साथ X ने साफ संकेत दिया है कि वह अब केवल ज्यादा व्यूज या एंगेजमेंट के बजाय मौलिक और उपयोगी कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स को ज्यादा महत्व देना चाहता है।
