- विज्ञापन -
Home UP News शंख एयर के मालिक के घर IT की रेड, लखनऊ से कानपुर...

शंख एयर के मालिक के घर IT की रेड, लखनऊ से कानपुर तक आयकर विभाग की छापेमारी

UttarPradesh news:उत्तर प्रदेश की प्रस्तावित एयरलाइन शंख एयर एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह कंपनी के संस्थापक श्रवण कुमार विश्वकर्मा के घर और दफ्तर पर आयकर विभाग की छापेमारी है। लखनऊ और कानपुर में आयकर अधिकारियों ने कई ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, अभी तक इस कार्रवाई की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।

लखनऊ में घर और कंपनी के दफ्तर पर छापेमारी

- विज्ञापन -

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर लखनऊ पहुंची। अधिकारियों ने गोमती नगर स्थित शंख एयर के संस्थापक श्रवण कुमार विश्वकर्मा के आवास और वरदान खंड स्थित कंपनी के कार्यालय में तलाशी ली।

इस दौरान अधिकारियों ने कंपनी से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड की जांच की। दफ्तर के बाहर पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

टेंपो चलाने से एयरलाइन शुरू करने तक का सफर

शंख एयर के संस्थापक श्रवण कुमार विश्वकर्मा की कहानी भी काफी चर्चा में रही है। बताया जाता है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेंपो चलाने से की थी। इसके बाद उन्होंने स्टील, सीमेंट और ट्रांसपोर्ट जैसे कारोबार में कदम रखा।

आज वह 200 से अधिक ट्रकों का संचालन करते हैं। कानपुर के रहने वाले श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने कुछ साल पहले शंख एयर के नाम से क्षेत्रीय एयरलाइन शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही वह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।

इन शहरों को जोड़ने की है योजना

शंख एयर की योजना उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को देश के बड़े महानगरों से जोड़ने की है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, शुरुआती चरण में लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर जैसे शहरों को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से जोड़ने की योजना है।

एयरलाइन का उद्देश्य क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बेहतर बनाना और यात्रियों को नए विकल्प उपलब्ध कराना है। इससे उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद जताई गई है।

NOC मिलने के बाद भी शुरू नहीं हुई उड़ानें

शंख एयर को पिछले साल अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिल चुका है। इसके बाद उम्मीद थी कि कंपनी इस साल अपनी उड़ानें शुरू कर देगी। हालांकि, अब तक एयरलाइन का परिचालन शुरू नहीं हो पाया है।

कंपनी की योजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपना संचालन शुरू करने की थी। फिलहाल आयकर विभाग की छापेमारी के बाद कंपनी एक बार फिर चर्चा में है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version