Uttar Pradesh: के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बस एक्सप्रेसवे पर एक निजी वाहन से टकरा गई थी। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
ड्राइवर स्टीयरिंग में फंसा, नहीं बच सकी जान
रिपोर्ट्स के अनुसार, बस चालक शंभू स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसके कारण वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। वहीं कंडक्टर भी मौके से बाहर नहीं निकल पाया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही SP सिटी रविशंकर प्रसाद, CO तेजस त्रिपाठी और CFO सत्येंद्र पांडे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि टक्कर के बाद आग कैसे फैली और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।
एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रित किया। घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका।
