- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh गंगा में पौत्र की डूबने से मौत, सदमे में नानी ने भी...

गंगा में पौत्र की डूबने से मौत, सदमे में नानी ने भी तोड़ा दम, गांव में छाया मातम

Ganga Drowning Incident: बैरिया थाना क्षेत्र के गंगापुर ग्राम पंचायत अंतर्गत हेमंतपुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। दलपतपुर निवासी 15 वर्षीय विकास यादव परिवार के साथ एक मुंडन संस्कार में शामिल होने हेमंतपुर गांव गया था। कार्यक्रम के दौरान परिवार के कई लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी बीच विकास भी स्नान करने के लिए नदी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विकास को बचाने के लिए आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।

नानी को पड़ा दिल का दौरा

- विज्ञापन -

विकास के गंगा में डूबने की सूचना जैसे ही उसकी नानी 65 वर्षीय निर्मला देवी को मिली, वह गहरे सदमे में आ गईं। स्वजन के मुताबिक, खबर सुनते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। परिवार के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
निर्मला देवी पूर्व ग्राम प्रधान स्वर्गीय राजेंद्र यादव की पत्नी थीं। उनके निधन के बाद उनके पुत्र प्रमोद यादव ग्राम प्रधान बने थे। वर्तमान में प्रमोद यादव की पत्नी प्रभावती देवी ग्राम प्रधान का दायित्व संभाल रही हैं।

परिवार में था विकास का खास स्थान

परिवार वालों ने बताया कि विकास यादव पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मां ने बचपन से ही उसे बेहद प्यार और दुलार से पाला था। वहीं नानी निर्मला देवी भी उससे अत्यधिक स्नेह करती थीं। विकास के डूबने की खबर उनके लिए असहनीय साबित हुई।

इलाके में शोक की लहर

घटना की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दर्जनों गांवों के ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मृतका के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। गांव में एक साथ दो दुखद घटनाओं से हर कोई स्तब्ध नजर आया।

- विज्ञापन -
Exit mobile version