- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Jaunpur Road Accident: बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की...

Jaunpur Road Accident: बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, 2 की मौत, 3 घायल

Jaunpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सोमवार तड़के वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर वाराणसी से उन्नाव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार

- विज्ञापन -

पुलिस के अनुसार हादसा बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास नेता ढाबा के सामने सुबह करीब पांच बजे हुआ। तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन का इलाज जारी

सूचना मिलते ही बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभीत श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभीत शुक्ला का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

उन्नाव के रहने वाले थे सभी यात्री

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक और घायल सभी उन्नाव जिले के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version