- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow 100 मीटर तक घसीटी बाइक,शादी से लौट रहे दो दोस्तों को डीसीएम...

100 मीटर तक घसीटी बाइक,शादी से लौट रहे दो दोस्तों को डीसीएम ने मारी टक्कर, एक की मौत

Lucknow Road Accident

Lucknow Accident News: इटौंजा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इटौंजा-कुर्सी मार्ग पर बड़ी नहर के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

- विज्ञापन -

जानकारी के अनुसार, शिवरी गांव निवासी 26 वर्षीय प्रशांत बीती रात बाराबंकी में अपने दोस्त अमन के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय उनके साथ माधौपुर निवासी 30 वर्षीय वीरपाल भी बाइक पर सवार थे। दोनों सुबह इटौंजा की तरफ आ रहे थे, तभी बड़ी नहर के पास सामने से आ रही डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी।

100 मीटर तक घसीटती रही बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डीसीएम के नीचे फंस गई और वाहन उसे लगभग 100 मीटर तक घसीटता चला गया। इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सीएचसी इटौंजा भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वीरपाल की हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के केजीएमयू रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिवारजन अस्पताल पहुंच गए। प्रशांत की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया और हर तरफ चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीसीएम को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

- विज्ञापन -
Exit mobile version