- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow लखनऊ में मूसलाधार बारिश से मची तबाही,38 घंटे से लगातार बरस रहे...

लखनऊ में मूसलाधार बारिश से मची तबाही,38 घंटे से लगातार बरस रहे बादल,कहीं मकान ढहे तो कहीं सड़कें धंसीं

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लगातार 38 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। कहीं सड़कें धंस गई हैं तो कहीं जर्जर मकान ढह गए हैं। तेज हवाओं के चलते बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लखनऊ में बारिश से कई इलाकों में जलभराव

- विज्ञापन -

लगातार बारिश के कारण पुराने लखनऊ समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। जानकीपुरम, गोमती नगर, अलीगंज, खदरा, फैजुल्लागंज, कश्मीरी मोहल्ला, मदेयगंज, गाजीपुर और विकास नगर में सड़कों पर पानी भर गया है।

चिनहट और आशियाना में भी जलभराव के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आशियाना के सेक्टर एम में सड़कें पानी में डूब गई हैं। नाले और नालियों में सिल्ट जमा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पा रहा है। कई जगह पानी लोगों के घरों में भी घुस गया है।

जर्जर इमारत का हिस्सा ढहा, कर्मचारियों में डर

भारी बारिश के बीच लखनऊ सिटी स्टेशन के पास जिला होम्योपैथी कार्यालय की जर्जर इमारत का एक कमरा ढह गया। लगातार बारिश के कारण इमारत यह दबाव नहीं झेल सकी। हादसे के बाद इमारत के बाकी जर्जर हिस्सों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वहां काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों में भवन के और हिस्से गिरने का डर बना हुआ है।

अमीनाबाद में धंसी सड़क, हादसे का खतरा

बारिश के कारण शहर की सड़कों की हालत भी खराब हो गई है। अमीनाबाद में शुक्रवार रात प्रकाश कुल्फी के सामने सड़क धंस गई। सीवर लाइन के निर्माण कार्य के बीच सड़क धंसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भीड़भाड़ वाले बाजार में सड़क धंसने से किसी बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ है।

कई जिलों में बारिश से भारी नुकसान

लखनऊ के अलावा श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सुल्तानपुर और बलरामपुर में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है।

पेड़ गिरने से हाईवे पर लगा जाम

बारिश के दौरान बाराबंकी में टेस्टी बाइट रेस्टोरेंट के पास एक पेड़ कार पर गिर गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने कार सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, सुल्तानपुर में हाईवे पर पेड़ गिरने से कूरेभार थाना क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया। बलरामपुर में सड़क पर पेड़ गिरने से एक बाइक सवार घायल हो गया।

- विज्ञापन -
Exit mobile version