Lucknow Visit:योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। शुक्रवार सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों को खुद अपने हाथ में लेकर उनका अवलोकन किया। इसके बाद संबंधित मामलों को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।
इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दरबार में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर मरीजों के इलाज का अनुमान (एस्टिमेट) तुरंत तैयार कराकर सरकार के माध्यम से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाए।
आवास समस्या पर भी दिया आश्वासन
कुछ महिलाओं ने आवास से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
कार्रवाई का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
