Uttar pradesh की राजधानी लखनऊ में उस वक्त सनसनी फैल गई जब Indian Railways की लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन से एक महिला की सिर कटी लाश बरामद हुई। शव को बेहद बेरहमी से काटकर अलग-अलग हिस्सों में बॉक्स और बैग में भरकर ट्रेन के स्लीपर कोच में छिपाया गया था। घटना सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
सफाई कर्मियों को दिखा संदिग्ध बॉक्स
जानकारी के मुताबिक, छपरा से गोरखपुर होते हुए लखनऊ आने वाली लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस (15114) जब गोमती नगर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो ट्रेन खाली होने के बाद सफाई कर्मचारी कोच की सफाई करने पहुंचे। इसी दौरान स्लीपर कोच के अंदर सीट के नीचे जबरदस्ती घुसाया गया एक बड़ा बॉक्स दिखाई दिया।
बॉक्स पर खून के धब्बे नजर आने के बाद कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रेलवे प्रशासन को दी। इसके बाद रेलवे पुलिस और अधिकारियों की मौजूदगी में बॉक्स को बाहर निकालकर खोला गया।
बॉक्स खोलते ही सामने आया खौफनाक मंजर
जब बॉक्स खोला गया तो वहां मौजूद लोग दंग रह गए। बॉक्स के अंदर एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिला। महिला के हाथ और पैर काटकर अलग-अलग बैग और बोरों में कपड़ों के बीच छिपाए गए थे।
पुलिस के अनुसार, ट्रेन के S1 कोच में रखे बॉक्स से महिला का धड़ बरामद हुआ, जबकि उसके कटे हुए हाथ और पैर अलग बैग में मिले। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को ट्रेन के जरिए ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
GRP और RPF जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही GRP और RPF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
रेलवे पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन के यात्रियों की जानकारी, CCTV फुटेज और कोच में सफर करने वाले लोगों के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। घटना ने राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।