- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow Lucknow News: लखनऊ में हैरान करने वाली चोरी,बंद मकान को बनाया अड्डा,...

Lucknow News: लखनऊ में हैरान करने वाली चोरी,बंद मकान को बनाया अड्डा, एसी चलाया, शराब पी और फिर लाखों का माल लेकर फरार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र से चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो चोर एक बंद मकान में घुसने के बाद केवल चोरी करके नहीं भागे, बल्कि करीब 26 घंटे तक घर के अंदर आराम से रहे। उन्होंने घर में मौजूद खाने-पीने का सामान इस्तेमाल किया, एसी चलाया और फिर लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।

घर लौटे मालिक तो उड़ गए होश

- विज्ञापन -

जानकारी के मुताबिक, बसेरा विहार कॉलोनी निवासी प्रशांत मणि त्रिपाठी 31 मई को अपने बच्चों के साथ गुरुग्राम चले गए थे। 27 जून को जब वह वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो पत्नी के लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 26 हजार रुपये नकद गायब थे।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी कहानी

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशांत ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दिखाई दिया कि 25 जून की रात करीब 12:32 बजे दो युवक घर में दाखिल हुए। इसके बाद वे अगले दिन रात करीब 2:15 बजे चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते नजर आए। यानी दोनों आरोपी लगभग 26 घंटे तक मकान के अंदर ही मौजूद रहे।

शराब पी, खाना खाया और दीवारों पर लिखीं गालियां

सीसीटीवी और घर की हालत देखकर पता चला कि चोरों ने घर में शराब पी, खाना बनाया और खाया, ड्राई फ्रूट्स का भी सेवन किया तथा एसी चलाकर आराम किया। इतना ही नहीं, उन्होंने घर की दीवारों और शीशों पर अभद्र गालियां लिखीं और अश्लील चित्र भी बनाए, जिससे पीड़ित परिवार और अधिक परेशान है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। गुडंबा थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

- विज्ञापन -
Exit mobile version