Lucknow में बड़े मंगल के अवसर पर हनुमान मंदिरों के आसपास भारी भीड़ को देखते हुए यातायात विभाग ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सोमवार रात से शुरू होकर मंगलवार रात तक प्रभावी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी जरूर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी समस्या की स्थिति में लोग ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद
यातायात विभाग के अनुसार कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।
- मोतीमहल तिराहा से हनुमंतधाम मंदिर की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
- इक्का तांगा स्टैंड चौराहा से हनुमान सेतु मंदिर की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
- परिवर्तन चौक से हनुमान सेतु की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
- सुशीला स्मृति वाटिका से हनुमान सेतु मार्ग बंद रहेगा।
- छन्नीलाल चौराहा से कपूरथला की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
- अल्कापुरी तिराहा से कपूरथला चौराहा तक निजी और भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
- क्लार्क अवध तिराहा से हनुमंतधाम की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
डायवर्जन के दौरान लोगों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की सलाह दी गई है।
- मोतीमहल तिराहा से वाहन केडी सिंह बाबू स्टेडियम और सुभाष चौराहा होकर जा सकेंगे।
- इक्का तांगा स्टैंड से आने वाले वाहन डालीगंज चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- हजरतगंज और अशोकलाट मार्ग से भी यातायात संचालित किया जाएगा।
- निशातगंज, गोल मार्केट, संकल्प वाटिका और सिकंदरबाग मार्ग खुले रहेंगे।
- अयोध्या रोड से आने वाले वाहन वायरलेस चौराहा और पॉलिटेक्निक होते हुए निकल सकेंगे।
- अल्कापुरी ओवरब्रिज और चौराहा नंबर आठ से भी यातायात संचालित होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस
बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि डायवर्जन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
