- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow मोबाइल छीना, पिस्टल दिखाई और कार में बैठाया… M.Ed छात्रा ने पेट्रोल...

मोबाइल छीना, पिस्टल दिखाई और कार में बैठाया… M.Ed छात्रा ने पेट्रोल पंप पर दिखाया साहस, आरोपी फरार

Lucknow News: लखनऊ में एक M.Ed छात्रा के कथित अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पारा क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया है कि करीब छह महीने से परिचित एक युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताकर उसे पिस्टल दिखाकर कार में बैठाया और आगरा एक्सप्रेसवे की ओर ले गया। पीड़िता के मुताबिक, रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।

कमरे से मोबाइल छीनकर बनाया दबाव

- विज्ञापन -

पीड़िता मध्य प्रदेश की रहने वाली है और शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में स्पेशल M.Ed द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह पारा इलाके में किराए के मकान में रहती है।

छात्रा के अनुसार, मंगलवार शाम विश्वविद्यालय से लौटने के बाद आरोपी हरीश सिंह उसके कमरे में पहुंचा और उसका मोबाइल छीन लिया। बाद में दूसरे मोबाइल पर कॉल करके उसे बाहर बुलाया। जैसे ही छात्रा कमरे से बाहर आई, आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाई और उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया।

आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई मारपीट

शिकायत के अनुसार, आरोपी छात्रा को कार से आगरा एक्सप्रेसवे की तरफ ले गया और कानपुर के अरौल तक पहुंचा। छात्रा का आरोप है कि कार के अंदर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।घटना के दौरान छात्रा बेहद डरी हुई थी, लेकिन उसने सही मौका मिलने का इंतजार किया।

पेट्रोल पंप पर मिला भागने का मौका

कार में पेट्रोल खत्म होने पर आरोपी एक पेट्रोल पंप पर रुका। आरोपी जब कार से उतरकर पेट्रोल भरवाने लगा, तभी छात्रा ने हिम्मत दिखाई और कार से बाहर निकल गई। फटे कपड़ों में छात्रा ने मदद के लिए शोर मचाया।

इसी दौरान आरोपी कार लेकर वहां से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से छात्रा ने पुलिस की इमरजेंसी सेवा यूपी 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पहले से दर्ज है दुष्कर्म का मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने जनवरी में अनुज सिंह नाम के व्यक्ति के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अनुज जेल में है। छात्रा ने बताया कि हरीश सिंह उसी का परिचित है।

पारा पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम CCTV फुटेज की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

- विज्ञापन -
Exit mobile version