- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow लखनऊ में बेखौफ बदमाश? ट्रिपल मर्डर के बाद दोस्त ने चाकू मारकर...

लखनऊ में बेखौफ बदमाश? ट्रिपल मर्डर के बाद दोस्त ने चाकू मारकर रेहान गाजी की ली जान

Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज इलाके में ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद एक बार फिर हत्या की वारदात सामने आई है। शनिवार देर रात आजाद नगर के सी-ब्लॉक स्थित अंबेडकर पार्क के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद उसके ही दोस्त ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मामूली विवाद में दोस्त ने किया चाकू से हमला

- विज्ञापन -

मृतक की पहचान रामनगर निवासी रेहान गाजी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम रेहान अपने दोस्त उजैफा के साथ अंबेडकर पार्क के पास टहलने गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान उजैफा ने अचानक चाकू निकाल लिया और रेहान के गले समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार कर दिए। हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था रेहान

रेहान की पत्नी सीबा ने बताया कि उनके पति एक मामले में आगरा जेल में बंद थे। वह महज तीन दिन पहले ही जेल से रिहा होकर घर लौटे थे। शनिवार शाम करीब छह बजे वह सामान्य रूप से घर से बाहर निकले थे। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद उनकी हत्या की खबर मिलेगी।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

हत्या की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव और एसीपी रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।

 ट्रिपल मर्डर के बाद एक और हत्या से बढ़ी चिंता

सआदतगंज में कुछ दिन पहले हुए ट्रिपल मर्डर के बाद इस नई वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version