- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow शहीद पथ पर मौत का मंजर,खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम, घर के...

शहीद पथ पर मौत का मंजर,खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम, घर के इकलौते कमाने वाले की मौत

Lucknow News: लखनऊ में गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश के बीच शहीद पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार तड़के करीब ढाई बजे फैजाबाद की तरफ से ट्रांसपोर्ट नगर जा रही तेज रफ्तार डीसीएम सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्राला में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

- विज्ञापन -

हादसे में डीसीएम चालक अर्जुन यादव (27) केबिन में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार का इकलौता कमाने वाला था अर्जुन

अर्जुन बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र के देवीहा पुरवा गांव के रहने वाले थे। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे और पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। डीसीएम चलाकर अर्जुन ही अपने परिवार का खर्च उठाते थे।

परिवार के मुताबिक, अर्जुन की शादी के लिए रिश्ते भी देखे जा रहे थे। उनकी अचानक मौत की खबर से घर में मातम छा गया। मां रूपरानी, पिता रवि करन और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को सबसे बड़ा सदमा इस बात का है कि जिस बेटे से घर की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती थीं, वह अब उनके बीच नहीं है।

खराब ट्रक पहले से सड़क किनारे खड़ा था

पीजीआई पुलिस के अनुसार, हादसे से पहले ट्रक-ट्राला खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। उसका चालक वाहन को ठीक कर रहा था। मौके पर ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद थी और टॉर्च की मदद से आने-जाने वाले वाहनों को रास्ता दिखाया जा रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम होना भी हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीद पथ पर खराब वाहन अक्सर सड़क किनारे खड़े नजर आते हैं। बारिश और रात के समय ऐसे वाहनों को देख पाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब वाहनों को जल्द से जल्द सड़क से हटाने की व्यवस्था हो और ऐसे स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, लाइटिंग और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। अर्जुन की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version