Meerut Poison Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ के खरखौदा इलाके में जहरीला पदार्थ खाने वाली युवती के मामले ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। कुछ दिन पहले युवती ने मुस्लिम युवक अरमान पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन अब उसने अपना बयान बदल दिया है। युवती सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंची और कहा कि पहले दिए गए बयान उसकी मर्जी से नहीं थे।
युवती का दावा है कि वह पिछले करीब चार साल से अरमान के साथ रिश्ते में है और उसी से शादी करना चाहती है। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा की भी मांग की है। उसका कहना है कि अगर उसे दोबारा परिवार के पास भेजा गया तो उसकी जान को खतरा हो सकता है।
परिवार के विरोध से बढ़ा तनाव
युवती के मुताबिक, वह अनुसूचित जाति से है और बीए की पढ़ाई कर रही है। उसके अनुसार, परिवार को अरमान के साथ उसके रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद घर में विरोध शुरू हो गया था। इस रिश्ते को लेकर आए दिन विवाद होता था, जिससे वह काफी तनाव में थी।
युवती ने बताया कि 21 जुलाई को मां के साथ विवाद के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज हुआ।
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस ने उस पर अरमान के खिलाफ बयान देने का दबाव बनाया। उसका कहना है कि वह डर गई थी और कथित दबाव में उसने अरमान पर आरोप लगाए।
युवती ने खरखौदा थाने के एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके मुताबिक, थाने में उसके नाम से बयान तैयार किया गया और उसे वही बातें कहने के लिए कहा गया।
अब अरमान से शादी करना चाहती है
युवती ने अपने पुराने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि अरमान दूसरी शादी नहीं कर रहा था और उसने अरमान से परेशान होकर जहर नहीं खाया था। उसके अनुसार, जहरीला पदार्थ खाने की वजह परिवार का विरोध और घर में चल रहा तनाव था।
युवती का कहना है कि परिवार उसे घर में रोककर रखना चाहता था। किसी तरह वह वहां से निकलकर एसएसपी कार्यालय पहुंची और सुरक्षा की मांग की। एसएसपी के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर डे अफसर ने उसकी शिकायत सुनी और मामले में जांच का आश्वासन दिया।
फिलहाल युवती के नए बयान के बाद पूरे मामले की जांच का रुख बदल सकता है। पुलिस की जांच में यह साफ होना बाकी है कि उसके पहले और अब के बयानों में से वास्तविक स्थिति क्या है।
