Litti Chokha Recipe: यूपी और बिहार की पहचान बन चुका लिट्टी-चोखा हर खाने के शौकीन की पसंदीदा डिश है। इसका देसी स्वाद, सादगी और पौष्टिकता इसे खास बनाते हैं। चाहे तेज भूख लगी हो या कुछ चटपटा खाने का मन हो, लिट्टी-चोखा एक ऐसा विकल्प है ,जो पेट भी भरता है और दिल भी खुश कर देता है।
कुकर में बनाएं लिट्टी
आमतौर पर लिट्टी तंदूर या अंगीठी में बनाई जाती है, लेकिन अब आप इसे बिना इन झंझटों के कुकर में भी आसानी से बना सकते हैं। यह तरीका न सिर्फ आसान है, बल्कि स्वाद में भी किसी तरह की कमी नहीं आने देता। खास बात यह है कि घर बैठे आपको बाजार जैसा स्वाद मिल जाएगा।
चोखा बनाने की आसान विधि
चोखा लिट्टी का दिल होता है। इसे बनाने के लिए बैंगन, टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन को हल्का तेल लगाकर गैस पर भून लें। ठंडा होने पर छिलका हटाकर इन्हें अच्छी तरह मैश करें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, अदरक, कच्चा लहसुन, हरी मिर्च, नमक, सरसों का तेल और हरा धनिया मिलाएं। चाहें तो उबला आलू भी डाल सकते हैं। आपका स्वादिष्ट चोखा तैयार है।
लिट्टी की स्टफिंग तैयार करें
लिट्टी के लिए गेहूं के आटे को घी और नमक के साथ गूंथकर अलग रख दें। स्टफिंग के लिए सत्तू में प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, धनिया, नींबू का रस, अजवाइन, कलौंजी, सरसों का तेल और अचार का मसाला मिलाएं। ध्यान रखें, इसे गूंथना नहीं है बल्कि हल्का-सा मिलाकर तैयार करना है।
पकाने का सही तरीका
आटे की लोई बनाकर उसमें सत्तू की स्टफिंग भरें और गोल आकार दें। कुकर में हल्का सरसों का तेल लगाकर गर्म करें और लिट्टी को उसमें रखें। ध्यान रखें कि कुकर की सीटी और रबर निकाल दें। ढक्कन बंद कर 4-5 मिनट पकाएं, फिर पलट दें। इस प्रक्रिया को 25-30 मिनट तक दोहराएं, जब तक लिट्टी अच्छी तरह पक न जाए।
परोसने का देसी अंदाज
गरमागरम लिट्टी को घी में डुबोकर चोखा, हरी चटनी और कच्चे प्याज के साथ परोसें। हर बाइट में आपको देसी स्वाद का असली मजा मिलेगा। एक बार घर पर इस तरीके से बनाकर देखिए, बाजार की लिट्टी भूल जाएंगे!