Air India Flight : फुकेट से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान AI2379 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान को बीच उड़ान में अचानक भीषण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। तेज हवाई झटकों के कारण विमान कुछ समय तक जोर-जोर से हिलता रहा, जिससे कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए और कुछ को चोटें आईं। हालांकि पायलट ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई।
कई यात्रियों और क्रू को लगी हल्की चोटें
एयर इंडिया के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें और खरोंच आईं। विमान के उतरते ही एयरलाइन की ग्राउंड टीम और मेडिकल स्टाफ सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर प्रभावित यात्रियों और क्रू को दिल्ली एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा में ले जाकर प्राथमिक जांच और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है और घटना की जांच में संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जाएगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि विमान की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही।
यात्रियों ने सुनाए डरावने पल
फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के मुताबिक, टर्बुलेंस इतना तेज था कि विमान अचानक नीचे की ओर झटका खाकर आया। कई यात्रियों ने बताया कि सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए लोगों के सिर विमान की छत से टकरा गए, जिससे कुछ के सिर पर सूजन और हल्की चोटें आईं। यात्रियों ने कहा कि कुछ पल के लिए उन्हें लगा कि विमान पर नियंत्रण खो गया है, हालांकि पायलट की सूझबूझ से स्थिति संभल गई।
टर्बुलेंस के दौरान क्या करें?
विशेषज्ञों का कहना है कि उड़ान के दौरान सीट पर बैठे रहने और सीट बेल्ट बांधे रखने से ऐसी घटनाओं में गंभीर चोटों से काफी हद तक बचा जा सकता है। अचानक आने वाले टर्बुलेंस का पहले से सटीक अनुमान लगाना हमेशा संभव नहीं होता, इसलिए एयरलाइन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
