- विज्ञापन -
Home भारत National टीम इंडिया के चयनकर्ताओं से कहां हुई चूक? इरफान पठान ने भुवनेश्वर...

टीम इंडिया के चयनकर्ताओं से कहां हुई चूक? इरफान पठान ने भुवनेश्वर को लेकर उठाया सवाल

Cricket News: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी-20 सीरीज खत्म हो चुकी है। भारतीय टीम ने सीरीज 3-2 से अपने नाम की, लेकिन आखिरी दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए जीत हासिल की। सीरीज के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने टीम चयन को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने खासतौर पर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के चयन पर सवाल उठाए हैं।

पठान का मानना है कि इस सीरीज में भुवनेश्वर को मौका देने के बजाय किसी युवा तेज गेंदबाज को खिलाया जा सकता था। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर चयनकर्ताओं के फैसले और उसकी टाइमिंग पर चर्चा की।

भुवनेश्वर कुमार के चयन को बताया चूक

- विज्ञापन -

इरफान पठान ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार एक अनुभवी और अच्छे गेंदबाज हैं। उनकी स्किल पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में उन्हें चुनने का फैसला सही समय पर लिया गया फैसला नहीं था।

भुवनेश्वर ने इस सीरीज के चार मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 16 ओवर गेंदबाजी की और 11.25 की इकोनॉमी से रन दिए। उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। पठान ने कहा कि उनका सवाल केवल भुवनेश्वर के प्रदर्शन को लेकर नहीं, बल्कि टीम चयन की रणनीति को लेकर है।

युवा गेंदबाजों को मिल सकता था मौका

पठान के मुताबिक, भुवनेश्वर की जगह किसी युवा तेज गेंदबाज को टीम में शामिल किया जाता तो उसे न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने और अनुभव हासिल करने का मौका मिलता। उन्होंने मयंक और प्रिंस यादव जैसे युवा खिलाड़ियों का भी जिक्र किया।

पूर्व क्रिकेटर का कहना है कि बड़ी अंतरराष्ट्रीय सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अच्छा अवसर होती हैं। अगर ऐसे मौकों पर उन्हें लगातार खेलने का मौका नहीं मिलेगा तो उनका अनुभव बढ़ने में समय लगेगा।

वर्ल्ड कप की तैयारी होती तो समझ आता चयन

इरफान पठान ने यह भी कहा कि अगर किसी बड़े टूर्नामेंट की तैयारी के तहत भुवनेश्वर को टीम में शामिल किया जाता तो चयन को समझा जा सकता था। खासकर 50 ओवर के वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर किसी अनुभवी खिलाड़ी को तैयार करना अलग बात होती।

लेकिन उनके अनुसार, मौजूदा टी-20 सीरीज में युवा तेज गेंदबाजों को प्राथमिकता दी जा सकती थी। पठान ने साफ किया कि वह भुवनेश्वर की गेंदबाजी क्षमता पर सवाल नहीं उठा रहे हैं, बल्कि उनके चयन की टाइमिंग को लेकर असहमत हैं।

सीरीज के नतीजे से भी जुड़ा पठान का विश्लेषण

पठान ने सीरीज के नतीजे पर बात करते हुए कहा कि 4-1 और 3-2 से सीरीज जीतने में फर्क होता है। न्यूजीलैंड ने आखिरी दो मैच जीतकर अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने हैमिल्टन में 192 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में हासिल करने का भी जिक्र किया।

- विज्ञापन -
Exit mobile version