BJP-RLD Alliance: भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय लोकदल यानी RLD हापुड़ में बड़ा आयोजन करने की तैयारी में है। 23 दिसंबर को उनके पैतृक गांव नूरपुर में जनसभा प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की चर्चा है।
अगर शीर्ष नेतृत्व इस कार्यक्रम में पहुंचता है तो इसे भाजपा और रालोद के बीच मजबूत होते रिश्तों के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एनडीए की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा सकता है।
भारत रत्न के बाद करीब आए BJP और RLD
चौधरी चरण सिंह को किसान राजनीति का बड़ा चेहरा माना जाता है और पश्चिमी यूपी के किसानों के बीच उनकी राजनीतिक विरासत आज भी मजबूत है। लंबे समय तक भाजपा और रालोद के बीच राजनीतिक दूरी रही। 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर 2022 के विधानसभा चुनाव तक दोनों दल अलग-अलग खेमों में रहे।
रालोद ने इस दौरान सपा और कांग्रेस के साथ भी चुनावी गठबंधन किया। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी और भाजपा के बीच नजदीकियां बढ़ीं। केंद्र सरकार द्वारा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के बाद दोनों दलों के रिश्ते और मजबूत हुए और रालोद एनडीए का हिस्सा बन गया।
पश्चिम यूपी में जाट-किसान समीकरण पर नजर
गठबंधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जयंत चौधरी कई मौकों पर एक मंच साझा कर चुके हैं। अब भाजपा और रालोद की नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट और किसान वोट बैंक पर है।
जयंत चौधरी को केंद्र में मंत्री बनाए जाने को भी इसी राजनीतिक समीकरण से जोड़कर देखा जाता है। आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में उनके प्रमोशन की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में है।
RLD बढ़ा रहा है अपना जनाधार
रालोद अब पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में भी संगठन और जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। पार्टी की ओर से अलग-अलग इलाकों में कई जनसभाएं आयोजित करने की तैयारी है।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हापुड़ की प्रस्तावित जनसभा में शामिल होते हैं तो इसे राष्ट्रीय महत्व मिल सकता है और किसानों के बीच गठबंधन का सकारात्मक संदेश देने की कोशिश होगी। हालांकि, भाजपा की प्रदेश इकाई की ओर से अभी कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
