Gandhinagar Building Collapse: गुजरात के गांधीनगर में कुडासन के पास निर्माणाधीन इमारत में बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। करीब रात 9:15 बजे ‘बॉस्की द एम्पायर’ नाम के निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लोहे और कंक्रीट से बना भारी स्लैब अचानक ढह गया।
स्लैब गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में वेल्डिंग समेत निर्माण कार्य चल रहा था। मलबे के नीचे करीब 10 से 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक मलबे में फंसे चार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है।
भारी लोहे के ढांचे और कंक्रीट के मलबे को हटाकर अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां और विशेष रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि मलबे में फंसे लोगों तक सुरक्षित तरीके से पहुंचा जा सके।
क्रेन गिरने की भी सामने आई जानकारी
शुरुआती जानकारी में निर्माण स्थल पर क्रेन गिरने की बात भी सामने आई है। आशंका है कि क्रेन गिरने के बाद इमारत के स्लैब का बड़ा हिस्सा ढह गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और प्रशासन की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव अभियान की निगरानी करने के साथ घटना की वजहों की जांच कर रही हैं।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, क्रेन की स्थिति कैसी थी और उसके संचालन में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की है।
