Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए।
पूजा के बाद प्रधानमंत्री ने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने इस अवसर की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा कीं। उन्होंने भगवान गणेश की कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहने की कामना की।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश के दर्शन और पूजन का यह पर्व लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए।
प्रधानमंत्री ने सभी के प्रयासों की सफलता और देश की निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे के साथ किया।
10 दिनों तक चलता है गणेश उत्सव
गणेश चतुर्थी का उत्सव आमतौर पर 10 दिनों तक चलता है। इसकी शुरुआत भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी से गणपति स्थापना के साथ होती है और अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ इसका समापन होता है।
इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। भक्त पूजा-अर्चना, आरती और भोग के साथ बप्पा की आराधना करते हैं।
नई शुरुआत और विघ्नहर्ता के देवता हैं गणेश
हिंदू धर्म में भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और शुभ शुरुआत के देवता के रूप में पूजा जाता है। किसी भी शुभ कार्य से पहले गणेश जी की पूजा करने की परंपरा है। गणेश उत्सव के दौरान भक्त सुख-समृद्धि, सफलता और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
देशभर में गणेश चतुर्थी के मौके पर मंदिरों और पूजा पंडालों में विशेष आयोजन हो रहे हैं। आम लोगों के साथ राजनीतिक, फिल्म और अन्य क्षेत्रों की कई हस्तियां भी गणपति उत्सव में शामिल हो रही हैं।
