- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh योगी सरकार का साफ संदेश- नाबालिगों तक नहीं पहुंचनी चाहिए शराब, नियम...

योगी सरकार का साफ संदेश- नाबालिगों तक नहीं पहुंचनी चाहिए शराब, नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

Uttar Pradesh News: युवाओं और नाबालिगों को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी निगरानी और कार्रवाई को और सख्त करने का संदेश दिया है। सरकार का फोकस सिर्फ अवैध या जहरीली शराब की बिक्री रोकने पर नहीं, बल्कि कम उम्र के बच्चों तक शराब की पहुंच को पूरी तरह रोकने पर भी है। लखनऊ में सामने आए एक मामले पर तेजी से हुई कार्रवाई इसी सख्ती का उदाहरण है।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद हरकत में आया विभाग

- विज्ञापन -

लखनऊ में एक नाबालिग को कथित तौर पर शराब बेचने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो एक्स समेत दूसरे प्लेटफॉर्म पर वायरल होने के बाद आबकारी विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जिला आबकारी अधिकारी, लखनऊ ने 11 सितंबर को वीडियो की जांच कराई।

जांच में सामने आया कि वीडियो विकासनगर थाना क्षेत्र के शुभौली स्थित एक कम्पोजिट शराब दुकान का था। इसमें दुकान के सेल्समैन की एक व्यक्ति से कहासुनी दिखाई दे रही थी। इसी दौरान सेल्समैन पर नाबालिग बच्चे को शराब बेचने का आरोप लगाया जा रहा था।

सेल्समैन को तत्काल हटाया गया

जांच के दौरान सेल्समैन का व्यवहार उचित नहीं पाए जाने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से दुकान से हटा दिया गया। इसके अलावा संबंधित कम्पोजिट दुकान के खिलाफ नियमानुसार प्रशमन की कार्रवाई की गई और 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस कार्रवाई से साफ है कि नाबालिगों तक शराब की पहुंच रोकने को लेकर प्रशासन गंभीर है। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद तेजी से जांच और कार्रवाई ने दुकानदारों और कर्मचारियों को भी नियमों का पालन करने का संदेश दिया है।

अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश

आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में इस तरह का मामला सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की कोशिश है कि शराब की बिक्री से जुड़े नियमों का पालन केवल कागजों पर न हो, बल्कि जमीन पर भी इसकी प्रभावी निगरानी दिखाई दे। खासतौर पर नाबालिगों को शराब से दूर रखना इस अभियान का अहम हिस्सा है।

नशे के खिलाफ सख्ती पर जोर

योगी सरकार की नीति में अवैध और जहरीली शराब पर रोक के साथ युवाओं को नशे से बचाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि आबकारी विभाग की लगातार निगरानी और कार्रवाई से प्रदेश में व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version