Girl Climbs High Tension Tower: हाजीपुर के वैशाली जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद में 132 केवी के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। नीचे खड़ी पुलिस और आसपास जमा लोगों के सामने वह बार-बार एक ही बात दोहराती रही,“मैं शादी अपने बॉयफ्रेंड से ही करूंगी, नहीं तो यहीं से कूद जाऊंगी।”यह पूरी घटना महनार स्टेशन रोड की है, जहां सुबह करीब 11 बजे युवती अचानक टावर पर चढ़ गई। कुछ ही देर में खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
जिद बनी जान का खतरा
युवती का साफ कहना था कि जब तक उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। टावर की ऊंचाई और उसमें बहने वाली हाई वोल्टेज बिजली के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर दमकल विभाग, चार थानों की पुलिस और 100 से ज्यादा जवान तैनात किए गए।
दारोगा की भावुक अपील
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक दारोगा माइक लेकर लगातार युवती से अपील करते रहे। उनका अंदाज भी काफी भावुक था। वे बार-बार कहते रहे,“बाबू, नीचे आ जाओ… मेरी नौकरी का सवाल है। तुम जिससे शादी करना चाहती हो, उसी से करवा देंगे।”पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी मौके पर बुला लिया, ताकि उसे समझाया जा सके। मोबाइल फोन के जरिए भी उससे लगातार संपर्क बनाए रखा गया।
अंधेरा बना चुनौती
शाम होते-होते अंधेरा बढ़ने लगा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और मुश्किल हो गया। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर बड़े-बड़े लाइट्स लगवाए, ताकि बचाव कार्य जारी रखा जा सके।करीब 9 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन दोनों को थका दिया।
आखिरकार सुरक्षित रेस्क्यू
लगातार समझाने, मनाने और भरोसा दिलाने के बाद युवती रात में खुद ही नीचे उतर आई। उसकी पहचान इशाकपुर टेक निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका प्रेमी मुन्ना महनार में कपड़े की दुकान चलाता है।फिलहाल पुलिस ने युवती को सुरक्षित बचा लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि भावनाओं में लिया गया एक कदम कितना खतरनाक हो सकता है, लेकिन समय रहते समझदारी और पुलिस की कोशिशों से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
