Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार, 1 नवंबर को एक निजी विमान भीषण हादसे का शिकार हो गया। पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स इलाके में क्रैश हुए इस विमान में पायलट समेत 9 लोग सवार थे। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सभी की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद सड़क पर आग लग गई और आसपास काले धुएं का गुबार फैल गया।
टेक्सास से बहामास जा रहा था विमान
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, दो इंजन वाला लियरजेट 60 बिजनेस जेट टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के नॉर्थ एलीउथेरा एयरपोर्ट जा रहा था। विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर N722BD बताया गया है।
यह विमान दोपहर करीब 12:50 बजे मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास क्रैश हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। विमान घरों और गुजरती गाड़ियों के बेहद करीब गिरा। हालांकि, जमीन पर किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं मिली।
उड़ान के दौरान पायलट ने बताई थी परेशानी
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे से पहले पायलट ने विमान पर बर्फ जमने, खराब मौसम और तेज झटकों की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी थी। इसके बाद विमान तेजी से नीचे उतरने लगा। पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए मदद मांगी, लेकिन विमान जमीन से टकरा गया। मौसम और तकनीकी स्थिति हादसे की वजह बने या नहीं, इसकी जांच जारी है।
FAA और NTSB कर रहे हैं जांच
हादसे के बाद दमकल और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर मिलिट्री ट्रेल को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया। आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
FAA ने जांच में मदद के लिए टीम भेजी है, जबकि नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) हादसे की मुख्य जांच कर रहा है। विमान में सवार लोगों की पहचान और दुर्घटना के अंतिम कारणों का खुलासा अभी बाकी है।
