Overbridge Construction: कांवड़ यात्रा के चलते बागपत के टटीरी रेलवे फाटक पर चल रहा ओवरब्रिज निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। कांवड़ियों के सुगम आवागमन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर रेलवे फाटक को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया था। इसी वजह से ओवरब्रिज निर्माण का काम भी अस्थायी रूप से बंद रखा गया।
12 अगस्त से फिर बंद होगा रेलवे फाटक
ओवरब्रिज निर्माण कंपनी के इंजीनियर सुनील झा के अनुसार, कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के निर्देश पर रेलवे फाटक खोला गया था। कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान निर्माण कार्य बंद रखा गया, ताकि यातायात और कांवड़ यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से टटीरी रेलवे फाटक दोबारा बंद कर दिया जाएगा और इसके साथ ही ओवरब्रिज निर्माण का काम फिर से शुरू होगा।
वाहन चालकों को लेना होगा वैकल्पिक मार्ग
रेलवे फाटक बंद होने के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। प्रशासन और निर्माण एजेंसी की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की उम्मीद है।
ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल वाहन चालकों को 12 अगस्त से इस मार्ग पर यात्रा करते समय वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।
