- विज्ञापन -
Home भारत National पहाड़ों की सैर का शानदार मौका,IRCTC करा रहा है ऊटी-कुन्नूर की यात्रा,...

पहाड़ों की सैर का शानदार मौका,IRCTC करा रहा है ऊटी-कुन्नूर की यात्रा, जानें पूरा खर्च

IRCTC Tour Package: अगर आप पहाड़ों की खूबसूरती देखना चाहते हैं और कम बजट में घूमने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दक्षिण भारत के खूबसूरत हिल स्टेशन ऊटी और कुन्नूर की सैर अब आसान हो सकती है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) यात्रियों के लिए 4 रात और 5 दिन का खास टूर पैकेज लेकर आया है। इसकी शुरुआती कीमत 10,280 रुपये बताई गई है। इस यात्रा में ट्रेन से सफर, होटल में ठहरने और कई खूबसूरत जगहों को देखने का मौका मिलेगा।

पहाड़ों की रानी ऊटी में क्या है खास?

- विज्ञापन -

तमिलनाडु में स्थित ऊटी को ‘पहाड़ों की रानी’ कहा जाता है। समुद्र तल से करीब 2,240 मीटर की ऊंचाई पर बसा यह हिल स्टेशन नीलगिरि की पहाड़ियों के बीच स्थित है। यहां के चाय के बागान, हरे-भरे जंगल, झीलें और खूबसूरत वादियां पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं।

ऊटी के साथ कुन्नूर घूमने का मौका मिल जाए, तो यात्रा और भी यादगार बन सकती है। IRCTC का यह पैकेज चेन्नई से शुरू होगा।

पहले दिन चेन्नई से शुरू होगा सफर

यात्रा की शुरुआत चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से होगी। यहां से रात 9:05 बजे नीलगिरि एक्सप्रेस ट्रेन रवाना होगी। अगले दिन सुबह करीब 6:20 बजे यात्री मेट्टुपालयम पहुंचेंगे। यहां से सड़क के रास्ते ऊटी ले जाया जाएगा।

होटल में ठहरने के बाद डोड्डाबेट्टा पीक, टी म्यूजियम, ऊटी झील और बॉटनिकल गार्डन घूमने का मौका मिलेगा।

दूसरे दिन देखिए झरने और जंगल

दूसरे दिन पायकारा वॉटरफॉल और पायकारा झील की सैर कराई जाएगी। इसके बाद यात्री मुदुमलाई वन्यजीव अभयारण्य जा सकेंगे। यहां हाथी शिविर और जंगल सफारी का अनुभव भी लिया जा सकता है। हालांकि, सफारी का खर्च पैकेज में शामिल नहीं है।

तीसरे दिन घूमिए कुन्नूर की खूबसूरत वादियां

यात्रा के अगले पड़ाव में कुन्नूर की सैर होगी। यहां सिम्स पार्क, लैम्ब्स रॉक और डॉल्फिन्स नोज जैसी मशहूर जगहें देखने को मिलेंगी। इन जगहों से पहाड़ों और घाटियों का सुंदर नजारा दिखाई देता है।

यात्री चाहें तो ऊटी से कुन्नूर तक नीलगिरि पैसेंजर ट्रेन का सफर भी कर सकते हैं। इसके बाद मेट्टुपालयम से रात 9:20 बजे नीलगिरि एक्सप्रेस से चेन्नई के लिए वापसी होगी। पांचवें दिन सुबह करीब 6:25 बजे चेन्नई पहुंच जाएंगे।

पैकेज में क्या मिलेगा और किसका खर्च अलग होगा?

IRCTC के इस पैकेज में ट्रेन का स्लीपर क्लास टिकट, ऊटी में दो रात का नॉन-एसी होटल में ठहराव, एसी वाहन से स्थानीय यात्रा, तय पर्यटन स्थलों की सैर, यात्रा बीमा और जीएसटी शामिल हैं।

हालांकि, जंगल सफारी, पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट और खाने-पीने का खर्च यात्रियों को खुद उठाना होगा। बुकिंग और पैकेज से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं। यात्रा से पहले पैकेज की कीमत, उपलब्धता और नियम जरूर जांच लें।

- विज्ञापन -
Exit mobile version