- विज्ञापन -
Home Crime Bengaluru Mass Murder Case: कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत 7 लोगों की...

Bengaluru Mass Murder Case: कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत 7 लोगों की हत्या का आरोप, 7 साल के बच्चे का शव बरामद

Bengaluru Mass Murder Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक सनसनीखेज सामूहिक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर इंदुशेखर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में सात साल का एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक बच्चे का शव बरामद हुआ है, जबकि बाकी छह शवों की तलाश जारी है।

घरेलू विवाद के चलते हत्या का शक

- विज्ञापन -

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंदुशेखर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बश्यम सर्किल के पास रहता था। उसकी शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि सुनीता के मायके वालों का उनके घरेलू मामलों में दखल आरोपी को पसंद नहीं था। इसी नाराजगी को हत्याओं की संभावित वजह माना जा रहा है।

पत्नी के बाद ससुराल वालों को बनाया निशाना

जांच के अनुसार, आरोपी ने पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसके दोनों भाइयों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया। फिर उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, सास रूपावती और सात साल के भांजे पुनीत की भी हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात में घर में रखे भारी ग्राइंडिंग स्टोन का इस्तेमाल किया गया। आरोपी पर घर में खून के निशान मिटाने के लिए सफाई और केमिकल का इस्तेमाल करने का भी आरोप है।

मिसिंग कंप्लेंट से खुला हत्याकांड

परिवार के सदस्यों के अचानक लापता होने पर एक रिश्तेदार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को इंदुशेखर पर शक हुआ और पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्याओं की बात बताई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दावा किया है कि उसने 15 से 20 दिनों के भीतर हत्याओं को अंजाम दिया। हालांकि, इस समय-सीमा की जांच की जा रही है। पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से सात साल के पुनीत का शव बरामद किया है। बाकी छह शवों को खोजने के लिए अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version