- विज्ञापन -
Home Crime पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर लगी आग, समय...

पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर लगी आग, समय रहते बुझी; बड़ा हादसा टला

Khan Global Studies Patna fire: देश के कई शहरों में लगातार सामने आ रही अगलगी की घटनाओं के बीच बिहार की राजधानी पटना में भी गुरुवार शाम एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना सामने आई। कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज (खान सर) के कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।

- विज्ञापन -

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कोचिंग सेंटर के बाहर धुएं का गुबार और बड़ी संख्या में छात्र जमा दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।

बाहर लगे बोर्ड में लगी आग, जांच जारी

जानकारी के अनुसार, यह कोचिंग सेंटर किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में संचालित होता है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आग कोचिंग भवन के बाहर लगे बोर्ड में लगी थी। आग फैलने से पहले ही उसे बुझा दिया गया, जिससे भवन के अंदर कोई नुकसान नहीं हुआ।

प्रशासन का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित निकाला गया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। धुआं उठते ही कोचिंग प्रबंधन ने तत्काल सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली का पैनल भी कोचिंग सेंटर के पास स्थित है, जिससे आग को लेकर कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया था।

फायर सेफ्टी को लेकर पहले भी मिला था नोटिस

बताया जा रहा है कि खान ग्लोबल स्टडीज को अग्निशमन विभाग की ओर से पहले भी फायर सेफ्टी मानकों को लेकर नोटिस जारी किया गया था। विभाग ने संस्थान को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। समाचार लिखे जाने तक कोचिंग प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

- विज्ञापन -
Exit mobile version