- विज्ञापन -
Home Delhi Repackaging Scam: दिल्ली में एक्सपायर्ड फूड का बड़ा रैकेट बेनकाब, इंटरनेशनल ब्रांड्स...

Repackaging Scam: दिल्ली में एक्सपायर्ड फूड का बड़ा रैकेट बेनकाब, इंटरनेशनल ब्रांड्स के सामान की बदलते थे डेट

Repackaging Scam: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो एक्सपायर हो चुके इंटरनेशनल ब्रांड्स के खाने-पीने के उत्पादों की एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डेट बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में असली सामान की तरह बेच रहा था। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान बरामद किया है। जब्त किए गए उत्पादों में चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक, सॉस, बेबी फूड, आटा और अन्य पैक्ड फूड आइटम शामिल हैं।

कैसे चल रहा था फर्जीवाड़े का खेल?

- विज्ञापन -

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक्सपायर हो चुके विदेशी ब्रांड्स के फूड प्रोडक्ट्स को बेहद कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद विशेष केमिकल और प्रिंटिंग तकनीक की मदद से उत्पादों की पुरानी एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डेट मिटा दी जाती थी। फिर उन पर नई तारीख वाले नकली स्टिकर और बारकोड लगाकर दोबारा पैक किया जाता था, जिससे वे बिल्कुल नए उत्पाद की तरह दिखाई दें।

इसके बाद इन सामानों को बाजार में ऊंची कीमत पर बेच दिया जाता था, जिससे आरोपी मोटा मुनाफा कमाते थे।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस तरह के रैकेट पहले भी दिल्ली, मुंबई और महाराष्ट्र के ठाणे समेत कई शहरों में पकड़े जा चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ गिरोह विदेशों से नियर-टू-एक्सपायरी या एक्सपायर्ड सामान बेहद सस्ते दामों में खरीदते हैं। भारत लाने के बाद इनकी एक्सपायरी डेट बदलकर इन्हें विभिन्न राज्यों के बाजारों में सप्लाई किया जाता है।

सेहत के लिए कितना खतरनाक?

विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट्स का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया, फंगस और हानिकारक रसायन विकसित हो सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त, पेट का संक्रमण और गंभीर मामलों में जान का खतरा भी पैदा हो सकता है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी दुकान पर संदिग्ध पैकिंग, बदले हुए लेबल या एक्सपायरी डेट में गड़बड़ी दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के रैकेट पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

- विज्ञापन -
Exit mobile version