Delhi School Student Death: राजधानी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा की अचानक मौत हो गई। बच्ची को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल में अचानक बिगड़ी बच्ची की हालत
यह घटना पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र स्थित लवली पब्लिक स्कूल की है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार 4 नवंबर को सुबह करीब 9:52 बजे पीसीआर कॉल के जरिए बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। बताया गया कि स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा तीन की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी।
घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्कूल से बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छोटी बच्ची की अचानक मौत की खबर से परिवार और स्कूल से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, मेडिकल कारणों की आशंका
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्ची की मौत मेडिकल कारणों से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी संदिग्ध गतिविधि या बाहरी हस्तक्षेप की जानकारी सामने नहीं आई है।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह का पता जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
