- विज्ञापन -
Home Delhi नशा छोड़ो, सपनों से रिश्ता जोड़ो… दिल्ली पुलिस ने युवाओं को समझाया...

नशा छोड़ो, सपनों से रिश्ता जोड़ो… दिल्ली पुलिस ने युवाओं को समझाया सुरक्षित भविष्य का रास्ता

Delhi News: डिजिटल दौर में साइबर ठगी के मामले लगातार नए तरीकों के साथ सामने आ रहे हैं। वहीं युवाओं के बीच नशे की समस्या भी चिंता का विषय बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्वी जिला पुलिस ने महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नशा जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्रों को साइबर अपराध से बचने और नशे से दूर रहने के तरीके बताए गए।

क्लिक करने से पहले सोचने की दी सलाह

- विज्ञापन -

कार्यक्रम के दौरान विशेष पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके इस्तेमाल में सावधानी भी जरूरी है। साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और जल्दबाजी में ऑनलाइन भुगतान करने से भी बचना चाहिए।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराएं तो रहें सावधान

छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC, ऑनलाइन निवेश, OTP फ्रॉड, फिशिंग और पहचान की नकल कर होने वाली ठगी के बारे में भी समझाया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर डर, लालच और जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं।

ऐसे मामलों में छात्रों को “डरो मत, रुको और जांचो” का तरीका अपनाने की सलाह दी गई। किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सत्यता जांचने के बाद ही कोई कदम उठाने की अपील की गई।

नशे से दूर रहकर भविष्य पर दें ध्यान

कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि नशे का असर केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पढ़ाई, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य के लक्ष्यों पर भी पड़ सकता है।

विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति से जुड़े जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए।

स्वच्छता का भी लिया संकल्प

कार्यक्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता तथा जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की शपथ दिलाई गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन ने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

- विज्ञापन -
Exit mobile version