- विज्ञापन -
Home Delhi Delhi News: दिल्ली-NCR में फिर बरसे बदरा, नोएडा में मूसलाधार बारिश,मौसम विभाग...

Delhi News: दिल्ली-NCR में फिर बरसे बदरा, नोएडा में मूसलाधार बारिश,मौसम विभाग का येलो अलर्ट

Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को अचानक हुई झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी। खासकर नोएडा में दोपहर के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली।

- विज्ञापन -

इससे पहले शुक्रवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई थी। कुछ क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा 100 मिलीमीटर से ऊपर पहुंच गया। लगातार बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा और अधिकतम तापमान में करीब 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

एक साथ तीन वेदर सिस्टम एक्टिव

मौसम में अचानक आए इस बदलाव के पीछे एक नहीं, बल्कि तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर जरूर पड़ा है, लेकिन इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन अभी उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर मौजूद है।

इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो दिल्ली से होते हुए पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं एक ट्रफ के रूप में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी अपना असर दिखा रहा है। इन तीनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर बना हुआ है।

अगले 24 घंटे बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार रात भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

रविवार से मिलेगी तेज बारिश से राहत

अच्छी खबर यह है कि रविवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। 14 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान नहीं है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

रविवार को तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 10 और 11 अगस्त को भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कुल मिलाकर दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिन मौसम सुहाना रहने वाला है, लेकिन बारिश और जलभराव को लेकर थोड़ी सावधानी जरूरी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version