- विज्ञापन -
Home Delhi Independence Day के मौके पर कई वांटेड आतंकियों के पोस्टर किए जारी,...

Independence Day के मौके पर कई वांटेड आतंकियों के पोस्टर किए जारी, दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस ने 19 वांटेड आतंकियों के पोस्टर भी जारी किए हैं। इन पोस्टरों को सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जा रहा है, ताकि आम लोगों की मदद से इनकी पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।

तीन आतंकी मॉड्यूल पर पुलिस की नजर

- विज्ञापन -

दिल्ली पुलिस ने जारी किए गए 19 आतंकियों को तीन अलग-अलग मॉड्यूल में रखा है। इनमें इंडियन मुजाहिदीन, अलकायदा और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े वांटेड आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस या संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दें।

इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े 5 आतंकी

पहले मॉड्यूल में इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े पांच वांटेड आतंकियों को शामिल किया गया है। इनमें कर्नाटक के भटकल निवासी इकबाल भटकल और रियाज भटकल, बेंगलुरु निवासी जुनैद अहमद, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी मोहम्मद खालिद और महाराष्ट्र के पुणे निवासी मोहसिन चौधरी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में इनका नाम कई आतंकी मामलों में सामने आ चुका है।

अलकायदा मॉड्यूल में 6 नाम

दूसरे मॉड्यूल में अलकायदा से जुड़े छह वांछित आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए हैं। इनमें संभल निवासी मोहम्मद शरजील अख्तर, दिल्ली के सीलमपुर निवासी मोहम्मद रेहान, झारखंड के छत्रा निवासी अबू सूफियान, जमशेदपुर निवासी सैयद मोहम्मद आर्शियान, बेंगलुरु निवासी मोहम्मद शहीद फैजल उर्फ उस्ताद और हैदराबाद निवासी मोहम्मद उमर शामिल हैं।

खालिस्तानी संगठनों से जुड़े 8 आतंकी

तीसरे मॉड्यूल में खालिस्तानी संगठनों से जुड़े आठ वांटेड आतंकियों को शामिल किया गया है। इनमें बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े वाधवा सिंह बब्बर, पुरुषोत्तम सिंह पम्मा, हरविंदर सिंह रिंदा, गुरमीत सिंह बग्गा और भूपेंद्र सिंह भिंडा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े रणजीत सिंह और परमजीत सिंह पम्मा तथा खालिस्तान टाइगर फोर्स से जुड़े अर्शदीप सिंह डाला की भी तलाश है।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ी चौकसी

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी निगरानी, वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version