- विज्ञापन -
Home Entertainment Hollywood Actress: ‘द रिंग’ और ‘लिलो एंड स्टिच’ फेम डेवी चेज ने...

Hollywood Actress: ‘द रिंग’ और ‘लिलो एंड स्टिच’ फेम डेवी चेज ने दुनिया को कहा अलविदा,ब्लड इंफेक्शन बना मौत की वजह

Daveigh Chase Death: हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेत्री और वॉइस आर्टिस्ट डेवी चेज का 35 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। डेवी चेज ने अपनी शानदार एक्टिंग और आवाज के दम पर दुनियाभर में लाखों प्रशंसकों का दिल जीता था। उनकी मौत की खबर सामने आते ही हॉलीवुड और उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

मेनिन्जाइटिस और ब्लड इंफेक्शन बना मौत की वजह

- विज्ञापन -

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेवी चेज का निधन मेनिन्जाइटिस और गंभीर ब्लड इंफेक्शन के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि संक्रमण के चलते उनके शरीर में कई जटिलताएं पैदा हो गई थीं। उनके बॉयफ्रेंड रॉय हर्नांडेज ने जानकारी दी कि संक्रमण की वजह से उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनका शरीर काम करना बंद कर गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ समय पहले कुपोषण संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें लॉस एंजिल्स के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।

चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में शुरू किया था करियर

लास वेगास में जन्मी डेवी चेज ने बहुत कम उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने कई टीवी विज्ञापनों और टेलीविजन शोज में बाल कलाकार के रूप में काम किया। उनकी प्रतिभा ने जल्द ही फिल्म निर्माताओं का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने लगे।

डेवी ने फिल्म ‘डॉनी डार्को’ में सामंथा डार्को का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके अलावा उन्होंने जापानी एनिमेटेड क्लासिक ‘स्पिरिटेड अवे’ के अंग्रेजी संस्करण में मुख्य पात्र चिहिरो को अपनी आवाज भी दी थी।

‘लिलो एंड स्टिच’ और ‘द रिंग’ से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

साल 2002 डेवी चेज के करियर का सबसे महत्वपूर्ण साल साबित हुआ। इसी वर्ष उन्होंने डिज्नी की सुपरहिट एनिमेटेड फिल्म ‘लिलो एंड स्टिच’ में लिलो पेलेकाई के किरदार को आवाज दी। उनकी आवाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया और उन्हें वैश्विक पहचान मिली।

उसी साल रिलीज हुई हॉरर फिल्म ‘द रिंग’ में डेवी ने समारा मॉर्गन का डरावना किरदार निभाया। उनके इस प्रदर्शन ने दर्शकों को भयभीत कर दिया और वह रातोंरात हॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। इस भूमिका के लिए उन्हें एमटीवी मूवी अवॉर्ड में बेस्ट विलेन फीमेल का सम्मान भी मिला।

बाद के वर्षों में फिल्मों से बनाई दूरी

साल 2010 के बाद डेवी चेज का फिल्मी करियर धीरे-धीरे धीमा पड़ने लगा। कुछ कानूनी विवादों और व्यक्तिगत समस्याओं के चलते उन्होंने मनोरंजन जगत से दूरी बना ली। वर्ष 2016 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म ‘जैक गोज होम’ उनकी आखिरी प्रमुख फिल्म मानी जाती है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version