Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका नाम भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को हाल ही में मुंबई के बांद्रा स्थित एक मशहूर कैफे में देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर डेटिंग की अफवाहों का दौर शुरू हो गया।
कैफे के बाहर का वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल एक ही जगह पर नजर आए। वीडियो में बाद में यशस्वी अकेले कैफे से बाहर निकलते दिखाई दिए। उन्होंने वहां मौजूद पैपराजी का अभिवादन किया और अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए।
इस छोटी-सी मुलाकात ने इंटरनेट पर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इस मुलाकात या डेटिंग की खबरों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
फैंस ने लगाए अलग-अलग कयास
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने दोनों के बीच रिश्ते की अटकलें लगाईं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि दोनों किसी विज्ञापन या प्रोजेक्ट के सिलसिले में मिले होंगे।
कुछ लोगों ने दोनों के बीच करीब 9 साल के उम्र के अंतर को लेकर मजाकिया टिप्पणियां भी कीं। वहीं कई फैंस ने लोगों से बिना पुष्टि किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील भी की।
पहले भी जुड़ चुका है मृणाल का नाम
यह पहली बार नहीं है जब मृणाल ठाकुर का नाम किसी सेलिब्रिटी के साथ जोड़ा गया हो। साल 2025 में उनके और अभिनेता धनुष के रिश्ते की भी खूब चर्चा हुई थी। हालांकि बाद में दोनों के करीबी सूत्रों ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया था।ऐसे में यशस्वी जायसवाल के साथ सामने आई यह नई चर्चा भी फिलहाल सिर्फ सोशल मीडिया की अटकलों तक सीमित है।
वर्कफ्रंट पर व्यस्त हैं मृणाल
वर्कफ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर हाल ही में फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आई थीं। वहीं यशस्वी जायसवाल भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारों में शामिल हैं और आने वाले क्रिकेट मुकाबलों की तैयारियों में व्यस्त हैं।
फिलहाल, मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल की मुलाकात को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन जब तक दोनों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आती, तब तक इन खबरों को केवल अफवाह ही माना जाएगा।
