Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
दिल्ली-UP में बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में आज बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। तेज हवाओं और बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
IMD की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। किसानों से भी गरज-चमक के दौरान खेतों में काम न करने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।
