- विज्ञापन -
Home International News Kuwait Woman: कुवैत में फंसी हिन्दुस्तानी महिला ने हाथ जोड़कर मांगी मदद,...

Kuwait Woman: कुवैत में फंसी हिन्दुस्तानी महिला ने हाथ जोड़कर मांगी मदद, 2 महीने से सैलरी न मिलने का भी लगाया आरोप

Kuwait Woman: कुवैत से सामने आए एक वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले की रहने वाली वनिता एक छोटे से कमरे में बैठकर हाथ जोड़ते हुए मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। वनिता के मुताबिक, वह करीब तीन महीने पहले घरेलू काम के लिए कुवैत गई थीं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें कथित तौर पर प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।

- विज्ञापन -

वीडियो में वनिता ने अपने जिले की कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से उन्हें बचाने और सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से उन्हें वेतन नहीं दिया गया है।

परिवार ने भी अधिकारियों से लगाई गुहार

वनिता का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने उनकी पहचान और कल्लाकुरिची निवासी होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क किया। परिवार की ओर से भी शिकायत दर्ज कराकर वनिता को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की गई है।

वनिता की मां वेन्निला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को विदेश भेजने वाले एजेंट ने उसके साथ धोखा किया। उनका कहना है कि वनिता को घरेलू काम के लिए कुवैत भेजा गया था, लेकिन वहां उसके साथ कथित तौर पर अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा है। परिवार ने अधिकारियों से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील की है।

Kallakurichi Police ने क्या कहा?

कल्लाकुरिची की पुलिस अधीक्षक शाहनाज़ ने बताया कि वनिता के जिले की निवासी होने की पुष्टि हो चुकी है और उनके परिवार का पता लगा लिया गया है। पुलिस को परिवार की शिकायत भी मिल गई है और उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, वनिता को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल परिवार को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी और एजेंसियां मामले में जल्द हस्तक्षेप कर वनिता की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेंगी।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version