Lifestyle News: मार्च का अंतिम सप्ताह चल रहा है और अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी अपना असर दिखाने लगेगी। ऐसे में घरों और ऑफिसों में लगे एयर कंडीशनर (एसी) की समय पर सर्विसिंग कराना बेहद जरूरी हो जाता है। सर्दियों के दौरान लंबे समय तक बंद रहने की वजह से एसी के कई हिस्सों में धूल और गंदगी जमा हो जाती है, जो बाद में खराबी का कारण बन सकती है।
एसी की कूलिंग पर पड़ता है असर
एसी टेक्नीशियन नितिन विश्वकर्मा ने बताया कि गर्मी शुरू होने से पहले एसी की पूरी तरह से सर्विसिंग कराना जरूरी है। कई लोग केवल एसी के फिल्टर की सफाई तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि सही सर्विसिंग में कंडेंसर, इवापोरेटर और ड्रेनेज लाइन की भी जांच और सफाई शामिल होती है। इन हिस्सों में धूल और गंदगी जमा होने से एसी की कूलिंग क्षमता प्रभावित होती है और बिजली की खपत भी बढ़ जाती है।
समय पर सर्विसिंग न कराने का जोखिम
नितिन ने चेतावनी दी कि अगर एसी की नियमित सर्विसिंग नहीं कराई जाए, तो गंभीर खराबी आ सकती है। गंदगी से भरे एसी को लगातार चलाने से खतरनाक स्थिति पैदा हो सकती है। कभी-कभी तो यह इतनी अधिक गर्मी पैदा कर देता है कि ब्लास्ट जैसी घटना भी हो सकती है, जिससे जान और माल का नुकसान संभव है।
प्रेशर मशीन से होती है सफाई
सर्विसिंग के दौरान एसी के इंडोर और आउटडोर यूनिट को खोलकर उसके कवर और कैबिनेट की अच्छी तरह सफाई की जाती है। इसके लिए प्रेशर मशीन का इस्तेमाल किया जाता है, जो अंदर जमा धूल और गंदगी को पूरी तरह निकाल देती है।
घर बैठे होम सर्विसिंग का फायदा
नियमित मेंटेनेंस न केवल एसी की उम्र बढ़ाता है, बल्कि बेहतर कूलिंग और बिजली की बचत भी सुनिश्चित करता है। होम सर्विसिंग के जरिए यह प्रक्रिया घर बैठे भी कराई जा सकती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है। एसी मैकेनिक से यह जरूर पूछें कि कंडेंसर, इवापोरेटर और ड्रेनेज लाइन की सफाई की जाएगी या नहीं और क्या प्रेशर मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। ऐसा करने से आप अनावश्यक खर्च और भविष्य की बड़ी मरम्मत से बच सकते हैं।
