Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और तस्वीरों के दुरुपयोग का यह मामला लोगों की निजता और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। पुलिस ने इस मामले में एक BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
यह घटना उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र की है। पीड़ित नाबालिग लड़की के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोग उनकी बेटी की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप था कि फोटो के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किए गए और उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाया गया।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच में पता चला कि कुछ समय पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान संबंधित परिवार की तस्वीरें और दस्तावेज एकत्र किए गए थे।
BLO की भूमिका ने बढ़ाई चिंता
पुलिस जांच में सामने आया कि मिल्कीपुरा क्षेत्र की BLO फखरुनिशा उर्फ बेबी ने नाबालिग लड़की की फोटो एक अन्य व्यक्ति एहसान पटेल को भेजी थी। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए।जांच एजेंसियों के अनुसार, एहसान पटेल ने आबिद पटेल और मुजफ्फर पटेल के साथ मिलकर तस्वीर को एडिट करवाया। इसके बाद फोटो का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो तैयार किए गए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित कर दिए गए।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत केस दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए फखरुनिशा, एहसान पटेल, आबिद पटेल और मुजफ्फर पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
